नवी मुंबई : चेन छीनने की घटनाओं पर नकेल कसते हुए नवी मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-3 ने तीन शातिर चेन-स्नैचरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने इन आरोपियों से करीब 9.93 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए हैं और पनवेल, कामोठे व खारघर इलाके में हुई चार चेन छीनने की वारदातों का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 12 दिसंबर को पनवेल के वाघिवली वाडा इलाके में हुई एक गंभीर घटना की जांच के दौरान की गई।
इस मामले में एक 45 वर्षीय महिला शादी समारोह से घर लौट रही थी, तभी आरोपियों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और उसके सोने के गहने छीनकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद सहायक पुलिस आयुक्त अजयकुमार लांडगे के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम बनाई गई।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अविनाश कालदाते की अगुवाई में टीम ने विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
इसके बाद 28 दिसंबर को मानखुर्द इलाके से मोहम्मद शफीक हनीफ शाह (28), विवेक विश्वनाथ सोनार (25) और आदर्श हरिसिंह दर्जी (25) को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में तीनों ने चार चेन छीनने की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की।
पुलिस का कहना है कि आगे की जांच जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी अन्य इलाकों में भी ऐसी वारदातों में शामिल रहे हैं या नहीं।









