कुशीनगर । भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवाद, लोकतांत्रिक मूल्यों और पारदर्शी राजनीति को समर्पित ऐसा संगठन है जिसने भारतीय राजनीति को नई दिशा और दृष्टिकोण प्रदान किया है।
उक्त विचार भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने मंगलवार को कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र के कसया देहात, कुबेर स्थान और टेकुआटार मंडलों में आयोजित पदाधिकारियों की परिचयात्मक बैठकों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि भाजपा कोई पारिवारिक या जातिगत राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा आधारित संगठन है, जिसकी जड़ें राष्ट्र के हित और आमजन की आकांक्षाओं से जुड़ी हैं।
पार्टी ने हमेशा राष्ट्र को सर्वोपरि मानकर जनसेवा की भावना से कार्य किया है। बैठकों के दौरान जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं के समर्पण के बल पर न केवल भारत की राजनीति में स्थायित्व प्रदान किया है,
बल्कि इसे विश्वस्तरीय पहचान भी दिलाई है। उन्होंने कहा कि यह वही पार्टी है, जो एक सामान्य कार्यकर्ता को भी देश की सर्वोच्च सत्ता तक पहुंचाने का अवसर देती है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अभी से सक्रिय होने का आह्वान किया और कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता पार्टी का सच्चा सिपाही है,
जिसे संगठन और सरकार के बीच सेतु का काम करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी पुनः उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
इस अवसर पर जिला मंत्री विवेकानंद शुक्ल, जिला मीडिया प्रभारी विश्वरंजन आनन्द, कसया मंडल अध्यक्ष अमरजीत कुशवाहा, कुबेर स्थान मंडल अध्यक्ष बच्चा सिंह, टेकुआटार मंडल अध्यक्ष राजेश राव, किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष शिवाकांत सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामायण कुशवाहा, विनोद गुप्ता, दिव्यांग प्रकोष्ठ के जिला संयोजक धन्नजय मणि त्रिपाठी, सह संयोजक दिनेश तिवारी, शंभू गुप्ता, दुर्गा दयाल तिवारी और अजय पटेल समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के अंत में संगठन को मजबूत बनाने, जनहित के मुद्दों को उठाने और बूथ स्तर तक पार्टी की विचारधारा को पहुँचाने पर जोर दिया गया।