बाराबंकी : Corruption के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एंटी करप्शन टीम ने बाराबंकी जिले में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
थाना बदोसराय में तैनात प्रमोटी उप निरीक्षक सुरेश को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है।
इस कार्रवाई में रिश्वत के लेनदेन में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा खुर्शीद नामक व्यक्ति भी टीम के हत्थे चढ़ गया, जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, दरोगा सुरेश पर एक मुकदमे में नाम जोड़ने के बदले पीड़ित से रिश्वत मांगने का आरोप था।
पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने पूरी योजना के साथ जाल बिछाया।
तय समय और स्थान पर जैसे ही रिश्वत की रकम सौंपी गई, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि दरोगा शपथ पत्र से जुड़े कार्य का हवाला देकर हाईकोर्ट जाने की बात कहकर थाना से निकला था, लेकिन उससे पहले ही टीम ने उसे धर दबोचा। पूछताछ में दलाल की भूमिका भी स्पष्ट हुई है।
एंटी करप्शन टीम की तहरीर पर थाना सफदरगंज में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।









