कन्नौज : Technical Education, शोध और सेवा में कन्नौज का नया आयाम . कानपुर में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में तिर्वा इंजीनियरिंग कॉलेज कन्नौज ने भी हिस्सा लिया।
इस कार्यक्रम का आयोजन इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियर्स (IEEE) यूपी सेक्शन द्वारा किया गया था। IEEE यूपी सेक्शन अपने विजन और मिशन के साथ तकनीकी शिक्षा, शोध एवं मानवीय सेवा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
वर्तमान में यह सेक्शन करीब 6100 सदस्यों के साथ देश के सबसे बड़े सक्रिय सेक्शनों में से एक है और इसकी वैश्विक पहचान भी मजबूत है।
कार्यक्रम में बताया गया कि IEEE का लक्ष्य तकनीकी नवाचार के माध्यम से मानवता के लाभ के लिए काम करना है, जबकि इसका मिशन इंजीनियरिंग, तकनीक और विज्ञान में उत्कृष्टता को बढ़ावा देकर समाज के समग्र विकास में योगदान देना है।
इस मंच के जरिए विद्यार्थी, शोधकर्ता, शिक्षक और उद्योग विशेषज्ञ एक साझा वैश्विक नेटवर्क से जुड़े रहते हैं। IEEE सेक्शन के अंतर्गत विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, कार्यशाला, फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम और शोध–उन्मुख गतिविधियाँ नियमित रूप से आयोजित की जाती हैं।
इन आयोजनों से छात्रों को अपने शोध कार्य प्रस्तुत करने, वैश्विक विशेषज्ञों से संवाद करने और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

तिर्वा इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक मनोज शुक्ला ने बताया कि IEEE यूपी सेक्शन सामाजिक समस्याओं के समाधान हेतु तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देता है।
कॉलेज भी सेक्शन का संस्थागत भागीदार है और तकनीकी गतिविधियों तथा शोध संस्कृति को मजबूत करने में योगदान दे रहा है। कार्यक्रम में कॉलेज की ओर से डॉ. अरुण कुमार सिंह, राजीव कुमार, प्रिंस कुमार और कान्हा वर्षनेय भी उपस्थित रहे।









