कन्नौज : board exams नजदीक आते ही कन्नौज जिले के तिर्वा तहसील क्षेत्र स्थित दिलीप नगर के छात्रों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
यूपी बोर्ड की परीक्षाओं की तैयारी में जुटे छात्र-छात्राएं इन दिनों लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान हैं।
हालात यह हैं कि बीते करीब एक सप्ताह से गांव की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है, जिससे शाम होते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है।
दिलीप नगर के ग्रामीणों ने बिजली समस्या को लेकर प्रदर्शन किया, जिसमें बोर्ड परीक्षार्थी भी शामिल रहे।
छात्रों का कहना है कि परीक्षा सिर पर है और ऐसे समय में बिजली न होने से पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
न तो रात में ठीक से पढ़ाई हो पा रही है और न ही ऑनलाइन या अन्य शैक्षणिक संसाधनों का उपयोग संभव है।
छात्रों ने प्रशासन से इस गंभीर समस्या को जल्द सुलझाने की मांग की है। परीक्षार्थियों ने जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री से हस्तक्षेप कर बिजली आपूर्ति बहाल कराने की अपील की है।
वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि गांव में कई उपभोक्ताओं पर बिजली बिल का बकाया है।
बार-बार सूचना देने के बावजूद बिल जमा नहीं किया गया, जिसके चलते आपूर्ति रोकी गई है।
विभाग का दावा है कि बकाया राशि जमा होते ही बिजली बहाल कर दी जाएगी।










