लखनऊ : Kerala Tourism” केरल पर्यटन ने वैश्विक स्तर पर ‘ट्रैवेल नाउ, पोस्ट लेटर’ नामक नया अभियान शुरू किया है,
जिसका उद्देश्य यात्रियों को सोशल मीडिया पर साझा करने से पहले यात्रा के अनुभव को पूरी तरह जीने के लिए प्रेरित करना है।
यह पहल माइंडफुल ट्रैवल की अवधारणा पर आधारित है, जिसमें संदेश स्पष्ट है—पहले पल को महसूस करें, बाद में उसे पोस्ट करें।
विभाग का मानना है कि यात्रा केवल तस्वीरों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि आत्मिक जुड़ाव और जागरूक अनुभव का माध्यम है।
यह डिजिटल अभियान आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और विशेष माइक्रोसाइट के जरिए संचालित किया जा रहा है,
जहां अभियान की विचारधारा, चयनित कंटेंट और जागरूक यात्रा से जुड़े उपयोगी संसाधन उपलब्ध हैं।
गर्मियों की छुट्टियों से पहले देश के प्रमुख शहरों में रोडशो और बी2बी मीट के माध्यम से इसे व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जा रहा है।
चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद और कोलकाता के बाद फरवरी में लखनऊ और इंदौर में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस पहल के साथ राज्य अपने सांस्कृतिक और विरासत आयोजनों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत कर रहा है। कोच्चि-मुज़िरिस बिएनाले, जो 31 मार्च तक जारी रहेगा, दक्षिण एशिया का प्रमुख समकालीन कला उत्सव है।
फोर्ट कोच्चि के ऐतिहासिक परिवेश में आयोजित यह आयोजन कला और विरासत का अनूठा संगम पेश करता है,
जिससे शहर को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। इसी क्रम में फरवरी में राजधानी तिरुवनंतपुरम में ‘निशागंधी डांस फेस्टिवल’ आयोजित होगा,
जिसमें ओडिसी, कथकली और भरतनाट्यम जैसी शास्त्रीय नृत्य शैलियों की प्रस्तुतियां होंगी। उत्तर केरल के उभरते गंतव्यों—कोझिकोड, वायनाड और बेकल—को भी विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है।
एडवेंचर, वेलनेस, लक्जरी और सांस्कृतिक पर्यटन जैसे विषयों पर जोर देते हुए राज्य घरेलू पर्यटकों को आकर्षित करने की रणनीति पर काम कर रहा है।
हाल ही में रफ गाइड्स द्वारा 2026 के प्रमुख वैश्विक गंतव्यों में शामिल किए जाने और ट्रैवल+लीजर इंडिया से बेस्ट वेलनेस डेस्टिनेशन सम्मान मिलने से केरल की छवि और मजबूत हुई है।

विभाग का लक्ष्य है कि आने वाले अवकाश सत्र में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जाए।









