BARABANKI NEWS नशेड़ियों की हरकतों से परेशान ग्रामीण सड़क पर उतरे

TSOI

द स्वार्ड ऑफ इण्डिया
संवाददाता इरफान अहमद
बाराबंकी । BARABANKI NEWS “ सूरतगंज क्षेत्र स्थित अमराई भुंड गांव में बुधवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब गांव के बीच संचालित देशी शराब की दुकान के विरोध में ग्रामीण सड़क पर उतर आए।

महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने महादेवा-सूरतगंज मार्ग पर जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन किया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। ग्रामीणों का आरोप है

कि शराब की दुकान गांव के लिए मुसीबत बन चुकी है। ठेके के आसपास दिनभर नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है।

शराब के नशे में लोग आए दिन अभद्रता करते हैं, जिससे महिलाओं और स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही हालात और बिगड़ जाते हैं तथा गांव का माहौल असुरक्षित हो जाता है। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

आरोप लगाया कि शिकायतों को लगातार नजरअंदाज किया गया, जिसके बाद मजबूर होकर ग्रामीणों को सड़क पर उतरना पड़ा।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक शराब की दुकान आबादी से बाहर नहीं हटाई जाएगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

ग्रामीणों ने यह भी चिंता जताई कि गांव के युवाओं में तेजी से नशे की लत बढ़ रही है, जिससे परिवार और सामाजिक माहौल दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

लोगों ने प्रशासन से तत्काल ठेका हटाकर दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग की। सड़क जाम की सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।

पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे। पुलिस का कहना है

कि स्थिति नियंत्रण में है और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों से वार्ता कर समाधान निकालने की कोशिश कर रहे हैं।

plugins
Author: plugins

Leave a Comment