बलरामपुर : Assembly Elections से पहले हसीब खान ने कांग्रेस का दामन थामा . आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जनपद बलरामपुर की राजनीति में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। इस घटनाक्रम ने जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है।
साथ ही चुनावी समीकरणों में भी बदलाव की संभावनाएं दिखाई देने लगी हैं, जिससे विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के संभावित दावेदारों की राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं।
इसी क्रम में उतरौला विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी हसीब खान ने अपने समर्थकों, सैकड़ों कार्यकर्ताओं और समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया।
हसीब खान अपने समर्थकों के बड़े काफिले के साथ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता धीरज गुर्जर तथा अमेठी से सांसद केएल शर्मा ने उनका स्वागत किया और उन्हें कांग्रेस पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ प्रदेश पदाधिकारी एवं नेता भी मौजूद रहे।

हसीब खान के कांग्रेस में शामिल होने को बलरामपुर जिले की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस फैसले का असर विशेष रूप से उतरौला विधानसभा क्षेत्र के चुनावी समीकरणों पर देखने को मिल सकता है।









