लखनऊ : Dr. Nimish Kapoor की पहल से पृथ्वी-2026 महोत्सव का शुभारंभ . विज्ञान संचार को नई दिशा देने के उद्देश्य से देश के पहले पुराविज्ञान फिल्म महोत्सव ‘पृथ्वी-2026’ का आयोजन राजधानी लखनऊ में किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक आयोजन की जिम्मेदारी महोत्सव संयोजक एवं वैज्ञानिक डॉ. निमिष कपूर संभाल रहे हैं। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जन भवन में महोत्सव के आधिकारिक ब्रोशर का लोकार्पण कर इसकी औपचारिक घोषणा की।
तीन दिवसीय यह महोत्सव 23 से 25 जुलाई 2026 तक बीरबल साहनी पुराविज्ञान संस्थान (बीएसआईपी) के सभागार में आयोजित होगा। डॉ. निमिष कपूर के अनुसार, यह भारत और एशिया का पहला पुराविज्ञान फिल्म महोत्सव है,
जिसका उद्देश्य पृथ्वी के इतिहास, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता और भू-धरोहर जैसे महत्वपूर्ण विषयों को फिल्मों के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाना है।
महोत्सव में डॉक्यूमेंट्री, लघु फिल्म, एनीमेशन, विज्ञान कथा, जलवायु परिवर्तन और भू-पर्यटन सहित विभिन्न श्रेणियों में फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

इसमें वैज्ञानिक, फिल्म निर्माता, विद्यार्थी, शोधार्थी और विज्ञान संचारक हिस्सा लेंगे। आयोजन के दौरान विशेषज्ञ व्याख्यान, पैनल चर्चा, मास्टरक्लास और राष्ट्रीय संवाद कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
चयनित फिल्मों को भविष्य में शिक्षण संस्थानों में विज्ञान जागरूकता सामग्री के रूप में उपयोग किया जाएगा। ‘पृथ्वी-2026’ विज्ञान और सिनेमा के माध्यम से समाज को पृथ्वी संरक्षण और सतत भविष्य के प्रति जागरूक करने की एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।









