मुंबई : SIR अभियान में बदलाव की मांग, वर्षा गायकवाड़ ने उठाए सवाल . जारी एसआईआर अभियान को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग से कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर जवाब और आवश्यक बदलाव की मांग की है।
मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड़ ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र भेजकर अभियान के दूसरे चरण की समय-सारणी पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है।
गायकवाड़ ने कहा कि मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण घर-घर जाकर मतदाता संबंधी जानकारी जुटाना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है। ऐसी स्थिति में कई नागरिकों के मतदाता सूची से बाहर रह जाने की आशंका बनी हुई है।
उन्होंने पंढरपुर वारी के चलते भी अभियान की प्रक्रिया में बदलाव की आवश्यकता बताई। पत्र में उन्होंने एसआईआर कार्य में लगे बीएलओ की अनुपस्थिति, शिक्षकों को दी गई जिम्मेदारी और विद्यालयों पर पड़ रहे प्रभाव का मुद्दा उठाया।
उन्होंने चुनाव आयोग से बीएलओ और बीएलए के बीच बेहतर समन्वय बनाने की मांग की। वर्षा गायकवाड़ ने यह भी कहा कि बारिश, जलभराव और स्थानांतरण की समस्याओं के कारण कई क्षेत्रों में घर-घर पहुंचना मुश्किल हो रहा है।

उन्होंने बीएलओ के लिए निश्चित स्थानों पर सुविधा केंद्र बनाने, भाषा संबंधी दिक्कतों को दूर करने और ऑनलाइन फॉर्म अपडेट की व्यवस्था बेहतर करने का सुझाव दिया।
उन्होंने चुनाव आयोग से सभी समस्याओं पर जल्द निर्णय लेकर एसआईआर अभियान को सुचारु और पारदर्शी तरीके से संचालित करने की अपील की।








