बाराबंकी : Ek Ped Maa Ke Naam अभियान से दरियाबाद में हरियाली संकल्प . पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज परिसर में हुए इस आयोजन में प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने पौधारोपण कर अभियान को गति दी।
कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री ने वन संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति की सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने लोगों से अपनी मां के सम्मान में पौधा लगाने और उसकी देखभाल कर उसे वृक्ष बनाने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण लगातार किया जाए।

उन्होंने जनभागीदारी को पर्यावरण अभियान की सफलता का आधार बताया। वहीं प्रभागीय वनाधिकारी आकाशदीप ने कहा कि वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का उद्देश्य पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाना है।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। समापन अवसर पर सभी लोगों ने पौधों की सुरक्षा करने और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।









