बाराबंकी : सरयू नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में निगरानी और राहत व्यवस्था तेज कर दी है।
गुरुवार को अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी बृजेन्द्र उपाध्याय तथा तहसीलदार शशांक नाथ उपाध्याय ने नाव के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खजुरी, जलालपुर और गुनौली गांवों का भ्रमण किया। खजुरी स्थित राहत शिविर में पेयजल, चिकित्सा, शौचालय, बिजली, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की गई।
संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री समय पर पहुंचे और किसी भी प्रकार की कमी न रहने पाए। प्रशासन के अनुसार सरयू नदी के जलस्तर में चार सेंटीमीटर से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है।
एहतियात के तौर पर संवेदनशील गांवों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। सभी नावों को तैयार रखने, राहत सामग्री का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को चौबीसों घंटे सक्रिय रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।

अधिकारियों ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।









