लखनऊ : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तेजी से बढ़ते प्रभाव के बीच उत्तर प्रदेश की युवा महिलाओं को तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए सैमसंग इनोवेशन कैंपस एक महत्वपूर्ण पहल बनकर उभर रहा है।
यह कार्यक्रम छात्राओं को एआई और नई डिजिटल तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी देकर उन्हें रोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार कर रहा है। सैमसंग के फ्यूचर-टेक स्किलिंग प्रोग्राम के तहत देशभर में 26,500 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
इसमें उत्तर प्रदेश के 8,000 से ज्यादा विद्यार्थी शामिल हैं, जिनमें 2,406 युवा महिलाएं हैं। यह आंकड़ा तकनीकी शिक्षा में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
गोरखपुर की कंप्यूटर साइंस स्नातक सौम्या श्रीवास्तव ने सैमसंग इनोवेशन कैंपस के माध्यम से एआई ट्रेनिंग, प्रोजेक्ट आधारित सीख और विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्राप्त किया। प्रशिक्षण के बाद उन्होंने सॉफ्टवेयर डेवलपर इंटर्न के रूप में अपने करियर की शुरुआत की।

वहीं, लखनऊ की रेखा के. ने ‘हेल्थलिटिक्स’ नामक डेटा आधारित समाधान विकसित कर अपनी तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन किया। यह प्रोजेक्ट सार्वजनिक स्वास्थ्य क्षेत्र में टीबी निगरानी और बेहतर योजना बनाने में मदद के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के तहत संचालित यह कार्यक्रम युवाओं को इंडस्ट्री की जरूरतों के अनुसार एआई, डिजिटल स्किल्स और नई तकनीकों की ट्रेनिंग प्रदान कर रहा है। सैमसंग इनोवेशन कैंपस का लक्ष्य महिलाओं सहित युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर भारत के डिजिटल भविष्य को मजबूत करना है।








