बैकुंठपुर, कानपुर : Health Check-up Camp में कांवड़ियों को मिला निःशुल्क आयुर्वेदिक उपचार . श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर महाराणा प्रताप आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, ईश्वरीगंज, बैकुंठपुर की ओर से खेरेश्वर महादेव मार्ग पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
इस पहल का उद्देश्य कांवड़ यात्रा पर निकले शिवभक्तों और आसपास के ग्रामीणों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों और आयुर्वेदाचार्यों की टीम ने श्रद्धालुओं का रक्तचाप (बीपी), ब्लड शुगर तथा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया।
इसके साथ ही आयुर्वेद आधारित स्वास्थ्य परामर्श देकर यात्रा के दौरान होने वाली थकान, डिहाइड्रेशन और अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव के उपाय भी बताए गए।

जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क औषधियों का वितरण भी किया गया। महाविद्यालय के निदेशक प्रो. डॉ. आलोक कुमार मिश्रा और मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. मनीष कुमार सिंह ने कहा कि समाज की सेवा संस्थान की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उनका कहना था कि श्रावण जैसे पावन अवसर पर शिवभक्तों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना संस्थान के लिए सम्मान की बात है और भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम जारी रहेंगे।
डॉ. पी.के. तिवारी एवं डॉ. एम. मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में कांवड़ियों और स्थानीय ग्रामीणों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में कॉलेज के फैकल्टी सदस्यों, इंटर्न और छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे सेवा और सामाजिक दायित्व का प्रभावी संदेश भी प्रसारित हुआ









