लखनऊ : National Space Day के अवसर पर सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर प्रथम कैंपस में विज्ञान और अंतरिक्ष उपलब्धियों को समर्पित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
ऑडिटोरियम में हुए इस आयोजन में इसरो के वरिष्ठ वैज्ञानिकों, शिक्षा जगत से जुड़े विशेषज्ञों और विभिन्न स्कूलों के 500 से अधिक विद्यार्थियों व शिक्षकों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में भारत के अंतरिक्ष अभियानों की उपलब्धियों के साथ चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक सफलता पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को अंतरिक्ष अनुसंधान की चुनौतियों, वैज्ञानिक खोजों और आने वाले अभियानों की संभावनाओं से परिचित कराया।
इसरो बेंगलुरु के निदेशक एम. आर. राघवेंद्र ने छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से बच्चों में वैज्ञानिक सोच और अंतरिक्ष के प्रति जिज्ञासा विकसित होती है।
उत्तर प्रदेश के निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. प्रताप सिंह बघेल ने भी भारत की अंतरिक्ष यात्रा को गौरवपूर्ण बताते हुए विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण मजबूत करने पर जोर दिया।

सीएमएस प्रबंधक एवं एमडी प्रो. गीता गांधी किंगडन ने कहा कि देश के वैज्ञानिकों की उपलब्धियां युवा पीढ़ी को विज्ञान, नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।
कार्यक्रम में प्रश्नोत्तर सत्र के अलावा क्विज, ड्राइंग और मॉडल मेकिंग प्रतियोगिताएं भी हुईं। इस आयोजन ने लखनऊ के विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ने और अपने सपनों को नई दिशा देने का अवसर दिया।









