गड्ढों में बदली सड़क, स्कूली बच्चों पर मंडरा रहा खतरा

Jahangirabad Road

मसौली बाराबंकी : गोंडा बहराइच हाईवे स्थित शहाबपुर चौराहे से जहांगीराबाद जाने वाले संपर्क मार्ग की बदहाली राहगीरों के लिए बड़ी मुसीबत बनी हुई है।

सड़क पर जगह जगह गिट्टियां उखड़ गई हैं और बड़े बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क तालाब का रूप ले लेती है जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि आए दिन दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

कई बाइक सवार गंभीर रूप से घायल भी हो चुके हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग सड़क की मरम्मत को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है।

शहाबपुर चौराहे से जहांगीराबाद रोड मिर्जानगर शहाबपुर के मोहल्ला सुसुई और मुनीमाबाद समेत कई स्थानों को जोड़ने वाला यह मार्ग लंबे समय से बदहाली का शिकार है। हालत यह है

Jahangirabad Road

कि कई हिस्सों में मोटरसाइकिल से गुजरना भी मुश्किल हो गया है। इसी मार्ग पर राजकीय इंटर कॉलेज भी स्थित है जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं आवागमन करते हैं।

ऐसे में सड़क की खराब स्थिति से विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार विभिन्न परियोजनाओं की घोषणाएं की जाती हैं

लेकिन गांवों और प्रमुख मार्गों को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों की स्थिति लंबे समय से बदहाल बनी हुई है। जगह जगह गड्ढों और उखड़ी गिट्टियों के कारण लोगों को आए दिन परेशानी उठानी पड़ रही है।

सड़क किनारे संविधान निर्माता डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा भी स्थापित है। प्रतिमा के ठीक सामने सड़क की बदहाल स्थिति जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग की जा रही है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

Jahangirabad Road

ग्रामीणों ने शासन प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से संपर्क मार्ग की तत्काल मरम्मत कराए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

plugins
Author: plugins

Leave a Comment