लखनऊ : BharatGas ने एलपीजी सिलेंडरों की गुणवत्ता और ग्राहकों की सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘जीरो का दम’ (ZKD) कार्यक्रम शुरू किया है।
इस पहल के जरिए बॉटलिंग प्लांट से लेकर उपभोक्ता के घर तक सिलेंडर की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत एलपीजी बॉटलिंग प्लांट की नियमित जांच स्वतंत्र एवं मान्यता प्राप्त एजेंसियों द्वारा की जा रही है। इन एजेंसियों के माध्यम से सिलेंडरों की गुणवत्ता, रखरखाव और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मानकों का परीक्षण किया जाता है।
कंपनी के अनुसार अब तक उसके 55 एलपीजी बॉटलिंग प्लांट ‘जीरो का दम’ प्रमाणन हासिल कर चुके हैं। इस पहल के तहत ‘खामी मिली तो रिफिल मुफ्त’ का प्रावधान भी रखा गया है।

फिलहाल यह सुविधा भटिंडा सहित कुछ चुनिंदा शहरों में लागू की गई है। डिलीवरी के समय सिलेंडर में निर्धारित मानकों के अनुरूप कोई खामी मिलने पर नियम एवं शर्तों के अनुसार ग्राहक को मुफ्त रिफिल उपलब्ध कराया जाएगा।
बीपीसीएल के एलपीजी कारोबार प्रमुख टी.वी. पांडियन ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य गुणवत्ता परीक्षण, सुरक्षा जांच और स्वतंत्र प्रमाणन के जरिए ग्राहकों का भरोसा मजबूत करना है। कंपनी के मुताबिक, आने वाले समय में इस पहल का विस्तार अन्य शहरों और क्षेत्रों तक किया जाएगा।









