सीतापुर : Sitapur Lakhimpur Kheri होते हुए दुधवा नेशनल पार्क तक जाने वाले मार्ग को 4 लेन से बढ़ाकर 6 लेन किए जाने की मांग तेज हो गई है।
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शैलेश कुमार सिंह ‘शैलू’ने इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री को पत्र भेजकर मार्ग के चौड़ीकरण की मांग की है।
पत्र में शैलेश कुमार सिंह ने कहा कि सीतापुर से लखीमपुर-खीरी होते हुए दुधवा नेशनल पार्क तक करीब 110 किलोमीटर लंबे मार्ग पर लगातार बढ़ रही वाहनों की आवाजाही के कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रहती है।
इसके साथ ही मार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं की समस्या भी सामने आती रहती है। उन्होंने कहा कि मार्ग को 4 लेन से बढ़ाकर 6 लेन किए जाने से सीतापुर और लखीमपुर-खीरी के साथ आसपास के करीब 10 जिलों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और यात्रा के समय में भी कमी आएगी।

इसके अलावा बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र के व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। शैलेश कुमार सिंह ने पत्र में लखनऊ-सीतापुर एनएच-24 को 4 लेन से 6 लेन किए जाने के पूर्व में जारी आदेश का उल्लेख करते हुए इसी क्रम में सीतापुर से लखीमपुर-खीरी होते हुए दुधवा नेशनल पार्क तक के मार्ग को भी 6 लेन किए जाने पर विचार करने का आग्रह किया है।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री से मार्ग पर जाम और दुर्घटनाओं की समस्या को ध्यान में रखते हुए सड़क चौड़ीकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है।








