लखनऊ : जन्मदिन की खुशियां जब जरूरतमंदों की मदद का माध्यम बनें, तो उनका महत्व और बढ़ जाता है। इसी सोच के साथ सूचना निदेशक विशाल सिंह के जन्मदिन पर राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन ने लखनऊ के अस्पतालों में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया।
इसके तहत मेडिकल कॉलेज और डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मरीजों तथा उनके तीमारदारों को भोजन और फल वितरित किए गए।
एसोसिएशन के अध्यक्ष क़तील शेख और संरक्षक अब्दुल वहीद की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 500 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया।

अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों ने इस सहायता के लिए आयोजकों का आभार जताया। इलाज की चिंता के बीच मिली इस मदद से जरूरतमंद परिवारों को राहत मिली।
संरक्षक अब्दुल वहीद ने कहा कि किसी भूखे को भोजन कराना और परेशान व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना जन्मदिन का सबसे अच्छा उपहार है।
अध्यक्ष क़तील शेख ने भी अस्पतालों में जरूरतमंदों की सहायता को सामाजिक जिम्मेदारी बताया। एसोसिएशन ने इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए अगले एक सप्ताह तक विभिन्न अस्पतालों में भोजन वितरण जारी रखने का निर्णय लिया है।

इस आयोजन में विजय श्री फाउंडेशन प्रसादम के अध्यक्ष एवं फूडमैन विशाल सिंह का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम ने जन्मदिन को मानव सेवा से जोड़ने का प्रेरणादायक संदेश दिया।









