लखनऊ : Owaisi-Chandrashekhar गठबंधन से यूपी की सियासत में बढ़ी हलचल . उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी बीच एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने हाथ मिलाकर प्रदेश की राजनीति में नया समीकरण खड़ा कर दिया है।
दोनों नेताओं ने अपने गठबंधन को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया है। लखनऊ में हुई संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में गठबंधन की घोषणा करते हुए ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार भी बताया।
दोनों दलों ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इस नए मोर्चे की राजनीतिक अहमियत इसलिए बढ़ गई है, क्योंकि दोनों दलों की नजर मुस्लिम और दलित मतदाताओं पर है।
ऐसे में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के इंडिया गठबंधन के सामने नए राजनीतिक समीकरण की चुनौती खड़ी हो सकती है।
चंद्रशेखर आजाद ने भविष्य में अन्य दलों को भी गठबंधन से जोड़ने की संभावना जताई है। हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों के बीच इस मोर्चे के चुनावी प्रभाव को लेकर अलग-अलग राय सामने आ रही हैं।

कुछ इसे विपक्षी मतों के बंटवारे की वजह मान रहे हैं, जबकि समर्थकों को इससे नए राजनीतिक विकल्प की उम्मीद है।
अब देखना होगा कि यह गठबंधन 2027 के चुनाव में कितना प्रभाव छोड़ता है और प्रदेश की सत्ता की लड़ाई को किस दिशा में ले जाता है।









