Barabanki जिले के पीरबटावन स्थित ईदगाह मैदान में सूफी संत पीरबटाऊ शाह बाबा की मजार पर लगने वाला तीन दिवसीय सालाना उर्स 23 जनवरी से पूरे अकीदत और एहतराम के साथ शुरू होगा।
यह उर्स 25 जनवरी तक चलेगा, जिसमें दूर-दराज से जायरीन शिरकत करेंगे। उर्स के दौरान कुल शरीफ, कव्वाली और मुशायरे का आयोजन किया जाएगा, जिससे पूरे इलाके में रूहानी माहौल बना रहेगा।
उर्स को लेकर मेले की रौनक पहले ही देखने को मिल रही है। करीब 15 दिन पहले से ही मैदान में दुकानों और झूलों का लगना शुरू हो गया था।
मेले में खाने-पीने के स्टाल, हलवा-पराठा, गड़बड़ झाला सहित कई पारंपरिक व्यंजनों की दुकानें सजी हैं। वहीं, मिट्टी के बर्तनों की दुकानें मेले का खास आकर्षण बनी हुई हैं।
मेला कमेटी के अनुसार 23 जनवरी को मगरिब की नमाज के बाद चटक शाह बाबा की मजार पर कुल शरीफ होगा। 24 जनवरी को शहीद मर्द बाबा की मजार पर कुल अदा किया जाएगा।
अंतिम दिन 25 जनवरी को ईशा के बाद पीरबटाऊ शाह बाबा की मजार का पहला कुल और फज्र के बाद दूसरा कुल होगा।
तीनों दिनों तक दोपहर बाद से रात तक लंगर का इंतजाम रहेगा, जिसमें जायरीन को दाल-रोटी वितरित की जाएगी।

बच्चों के लिए लगाए गए नए झूले भी मेले की रौनक बढ़ा रहे हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों की भारी भीड़ उमड़ रही है।









