द स्वार्ड ऑफ इण्डिया, संवाददाता इरफान अहमद,
रामसनेहीघाट (बाराबंकी) । BARABANKI NEWS क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच धरौली गांव में चोरों ने बिजली विभाग के ट्रांसफार्मर को ही निशाना बनाकर सनसनी फैला दी।
काली मंदिर के पीछे हाईवे किनारे रखे ट्रांसफार्मर को बदमाशों ने रात में खोलकर उसके भीतर लगे कीमती उपकरण निकाल लिए और फरार हो गए।
चोरी की यह वारदात राष्ट्रीय राजमार्ग 27 के पास हुई है, जहां लगातार आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर घटना को अंजाम दिया।
सुबह जब ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर को क्षतिग्रस्त देखा तो क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची विभागीय टीम ने निरीक्षण किया और लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई है।
घटना के बाद से इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
लोगों ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।










