द स्वार्ड ऑफ इण्डिया, संवाददाता इरफान अहमद,
रामसनेहीघाट,बाराबंकी । BARABANKI NEWS हाथ में एडमिट कार्ड, बैग में किताबें और आंखों में सुनहरे सपने… लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा देने जा रही छात्रा की बुधवार सुबह सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मामला टिकैतनगर थाना क्षेत्र के उफरौली गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंद दिया।
हादसे में एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका की पहचान कामिनी रावत के रूप में हुई है।
वह अपनी सहेली जनसी वर्मा और भाई अभिषेक वर्मा के साथ बाइक से बसंत इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पेपर देने जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेंट के सामान से लदी एक बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सामने से आकर बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कामिनी सड़क पर गिरते ही ट्रॉली के नीचे आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सहेली जनसी और बाइक चला रहे अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क पर बिखरी किताबें, टूटे चश्मे और खून से सना एडमिट कार्ड देख हर कोई सन्न रह गया।
स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
डॉक्टरों ने कामिनी को मृत घोषित कर दिया।*पिता का साया पहले ही उठ चुका था*परिजनों के मुताबिक, कामिनी के पिता का पहले ही निधन हो चुका था।
वह विपरीत परिस्थितियों में भी पढ़ाई कर अपने परिवार का सहारा बनने का सपना देख रही थी।
हादसे की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा है।
*पुलिस ने ट्रैक्टर लिया कब्जे में*सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि चालक की तलाश की जा रही है और मामले में सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।







