नई दिल्ली : Holi पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री अस्थायी रूप से निलंबित करने का निर्णय लिया है।
यह व्यवस्था 26 फरवरी 2026 से 3 मार्च 2026 तक प्रभावी रहेगी। यह निर्णय नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन, हज़रत निज़ामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल और दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशनों पर लागू रहेगा।
रेलवे प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान अत्यधिक भीड़ को नियंत्रित करना और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है। हालांकि, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, बीमार यात्रियों और महिला यात्रियों की सहायता के लिए स्टेशन आने वाले परिजनों को इस प्रतिबंध से छूट प्रदान की जाएगी।
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे केवल निर्धारित प्रवेश द्वारों का ही उपयोग करें और भीड़ से बचने के लिए समय से पहले स्टेशन पहुंचे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह कदम होली के दौरान सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।








