लखनऊ : Jindal Stainless ने वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ धाम परिसर की वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
कंपनी ने अमीदा क्लीनटेक के साथ साझेदारी कर ‘संजीवन’ पहल के तहत स्वदेशी उन्नत एयर प्यूरीफिकेशन प्रणाली स्थापित करने का निर्णय लिया है।
यह परियोजना Jindal Stainless की अब तक की सबसे बड़ी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल बताई जा रही है।
यह प्रणाली विशेष रूप से Shri Kashi Vishwanath Dham के रैम्प भवन और ऐतिहासिक Manikarnika Ghat क्षेत्र में स्थापित की जाएगी, जहां दाह संस्कार से उत्पन्न धुएं और सूक्ष्म कणों को नियंत्रित करना प्रमुख उद्देश्य है।
अमीदा की एसीई+ (Attract-Capture-Eliminate) तकनीक हवा में मौजूद नैनो ब्लैक कार्बन, पराग कण, सल्फर ऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड तथा सूक्ष्मजीवों को निष्क्रिय करने में सक्षम है।
परियोजना के तहत 58 स्टेनलेस स्टील आधारित वायु शुद्धिकरण इकाइयां लगाई जाएंगी, जिनकी कुल क्षमता प्रति घंटे 3 लाख घन मीटर से अधिक हवा को शुद्ध करने की होगी।

यह पहल राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के अनुरूप है और धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों तथा पुजारियों के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।









