लखनऊ : Lucknow राजधानी में सोशल मीडिया पर फैलाई गई एक कथित खबर का सच सामने आने के बाद पूरे प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है।
समाजवादी पार्टी से जुड़े नेता हसीब खान के बेटे इब्राहिम खान को लेकर प्रसारित की गई भ्रामक सूचनाओं को पुलिस जांच में निराधार पाया गया है।
मामले से जुड़ी महिला स्वयं आगे आई और उसने स्पष्ट किया कि उसके और इब्राहिम के बीच किसी भी प्रकार का निजी संबंध नहीं है।
महिला के अनुसार, वह पारिवारिक विवाद और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान होकर अपनी बुआ के घर, बाराबंकी जा रही थी।
रास्ते में उसकी मुलाकात इब्राहिम से हुई, जो उसके देवर का परिचित है। महिला ने बताया कि उसने अपनी सुरक्षा और सुविधा के लिए स्वयं उससे मदद मांगी थी,
जिसके बाद इब्राहिम ने मानवीय आधार पर उसे गंतव्य तक पहुंचाया। बुआ के घर पहुंचने पर महिला को पता चला कि सोशल मीडिया पर उसके बारे में भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट वायरल हो रही हैं,
जिनमें उसे इब्राहिम के साथ भागने जैसी झूठी बातों से जोड़ा गया। महिला ने ठाकुरगंज थाना पहुंचकर बयान दर्ज कराया।

पुलिस ने प्रारंभिक जांच में वायरल खबरों को फर्जी बताया है और अफवाह फैलाने वालों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है।







