कन्नौज : Murder और लूट की सनसनीखेज वारदात में कन्नौज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
लंबे समय से फरार चल रहा एक लाख रुपये का इनामी आरोपी जसवंत उर्फ पंकज चौहान पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया।
यह मामला कन्नौज जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला कुतलूपुर का है, जहां 22 सितंबर 2025 को एक महिला की बेरहमी से हत्या कर लूटपाट की गई थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी टाइल और पत्थर लगाने के काम के बहाने घर में घुसे थे। घटना के समय घर में मौजूद महिला सुनीता श्रीवास्तव और उनकी बड़ी बेटी दिया को बंधक बनाया गया। आरोपियों ने दिया के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और महिला पर जानलेवा हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल सुनीता को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए। जांच के दौरान सामने आया कि वारदात में जसवंत के साथ उसका रिश्तेदार सूरज भी शामिल था, जिसे पुलिस पहले ही मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
मुख्य आरोपी जसवंत की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर तिर्वा क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को उस समय दबोच लिया, जब उसकी बाइक रास्ते में खराब हो गई थी।

पुलिस ने उसके कब्जे से नकदी और आभूषण बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।









