लखनऊ : reaching for the sky के संदेश के साथ लखनऊ में शनिवार, 24 जनवरी 2026 को प्रेरणा गर्ल्स स्कूल और प्रेरणा बॉयज़ स्कूल ने अपना जूनियर स्पोर्ट्स डे जोश, ऊर्जा और समानता की भावना के साथ मनाया।
यह आयोजन स्टडी हॉल एजुकेशनल फ़ाउंडेशन (SHEF) की इकाइयों द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें खेल के माध्यम से आत्मविश्वास और बराबरी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुमारी प्रिया—प्रसिद्ध पर्वतारोही, साइक्लिस्ट और रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित—मौजूद रहीं।
उनके साथ उमा शर्मा (सब-इंस्पेक्टर, 1090), जो राष्ट्रीय स्तर की बॉक्सिंग पदक विजेता हैं, तथा सीमा शर्मा (सब-इंस्पेक्टर, इंटेलिजेंस डिपार्टमेंट) भी उपस्थित रहीं।
स्वागत भाषण के बाद स्कूल की प्रिंसिपल राखी पंजवानी ने कहा कि रीचिंग फ़ॉर द स्काई केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि बच्चों में साहस, आत्मबल और समानता की सोच विकसित करने का प्रयास है, जो डॉ. उर्वशी सहनी की विचारधारा से प्रेरित है।
कुमारी प्रिया और उमा शर्मा ने अपने संबोधनों में लड़कियों को समान अवसर देने, परिवार और समाज में बराबरी के व्यवहार तथा आत्मविश्वास के महत्व पर ज़ोर दिया। SHEF की सीईओ डॉ. उर्वशी सहनी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य लड़कियों और लड़कों को साझेदारी, सम्मान और न्याय की समझ देना होना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, ड्रिल प्रस्तुतियों और सामूहिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभिभावकों की सहभागिता ने आयोजन
को और भी खास बना दिया। प्रेरणादायक संदेशों और धन्यवाद ज्ञापन के साथ यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।









