लखनऊ : छात्र-छात्राओं के लिए रोजगारपरक कौशल विकसित करने के उद्देश्य से श्री जय नारायण मिश्र महाविद्यालय में “स्किल-बिल्ड” प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि विष्णु कांत पांडेय, अपर निदेशक (प्रोजेक्ट), स्कूल शिक्षा, आरएमएसए उत्तर प्रदेश ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा वर्ग रोजगार को लेकर सकारात्मक और व्यावहारिक सोच अपना रहा है।
आज कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि अनुभव और दक्षता ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने अमेरिका का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां छात्र पढ़ाई के साथ काम कर आत्मनिर्भर बनते हैं,
जिससे आगे चलकर उन्हें रोजगार या स्वयं का व्यवसाय शुरू करने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. के.के. शुक्ला ने कहा कि सीखने की प्रक्रिया लर्निंग, अनलर्निंग और रीलर्निंग के माध्यम से आगे बढ़ती है।
नई चीजें सीखने के लिए खुले मन और सकारात्मक दृष्टिकोण का होना आवश्यक है।
उप निदेशक, प्रशिक्षण एवं रोजगार विभाग, अरशद खान ने अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रप्रेम को सफलता का आधार बताया।

उल्लेखनीय है कि यह तीन माह का निशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम फाइनेंशियल अकाउंटिंग एवं सॉफ्ट स्किल्स पर आधारित है, जिसके समापन पर छात्र-छात्राओं को रोजगार एवं करियर के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।









