U P I के जरिए अब भविष्य निधि (पीएफ) का पैसा निकालना पहले से कहीं ज्यादा आसान होने वाला है। नौकरीपेशा लोगों के लिए यह एक बड़ी राहत की खबर है,
क्योंकि अब पीएफ निकासी की लंबी और जटिल प्रक्रिया जल्द ही इतिहास बनने जा रही है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) एक नई डिजिटल सुविधा पर काम कर रहा है,
जिसके तहत पीएफ खाताधारक सीधे UPI प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने खाते से रकम निकाल सकेंगे।
मौजूदा समय में पीएफ निकालने के लिए ऑनलाइन क्लेम, सत्यापन और अप्रूवल जैसी कई प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता है, जिसमें समय भी लगता है।
लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह प्रक्रिया उतनी ही सरल होगी, जितनी UPI से किसी को पैसे भेजना। उम्मीद है कि यह सुविधा 1 अप्रैल 2026 से शुरू कर दी जाएगी।
इस नए सिस्टम में कर्मचारी अपने पीएफ खाते में लॉगिन कर बैलेंस और निकासी योग्य राशि देख सकेंगे। इसके बाद UPI विकल्प चुनकर अपने UPI पिन के जरिए रिक्वेस्ट को कंफर्म करना होगा।
वेरिफिकेशन पूरा होते ही पैसा सीधे लिंक किए गए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिया जाएगा। सबसे खास बात यह है कि इसमें किसी चेक, फॉर्म या ऑफलाइन दस्तावेज की जरूरत नहीं होगी।

EPFO का यह कदम पीएफ सिस्टम को पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है, जिससे करोड़ों कर्मचारियों को आपात स्थिति में तुरंत वित्तीय सहायता मिल सकेगी।









