फैमिली : ZEE TV का आने वाला फैमिली ड्रामा ‘लक्ष्मी निवास’ टेलीविजन पर एक ऐसी कहानी लेकर आ रहा है, जो देश के मिडिल क्लास संयुक्त परिवारों की रोज़मर्रा की सच्चाइयों से गहराई से जुड़ी है।
सपनों, जिम्मेदारियों और साथ निभाने की भावना के बीच बुना गया यह शो उन उम्मीदों को सामने रखता है, जो बड़ी खामोशी से कई घरों की ज़िंदगी को दिशा देती हैं,
खासकर अपना घर बनाने का सपना और बच्चों का भविष्य सुरक्षित देखने की चाह। इस भावनात्मक सफर में एक नई परत जोड़ते हुए ‘लक्ष्मी निवास’ में अक्षिता मुदगल राधिका के किरदार में नज़र आएंगी, जो लक्ष्मी और श्रीनिवास की बड़ी बेटी हैं।
राधिका एक सुलझी हुई, समझदार और परिवार को सबसे ऊपर रखने वाली लड़की है, जो अपनी खुशी से पहले अपने माता-पिता की खुशी को अहमियत देती है। वो एक मजबूत और शांत स्वभाव की युवती है,
जिसके सपने भी अपने परिवार की इच्छाओं से जुड़े हैं, भले ही इसके लिए उसे अपनी चाहतों को कुछ वक्त के लिए पीछे रखना पड़े। उसका सफर उन खामोश त्यागों की कहानी कहता है,
जो अक्सर बेटियां परिवार के लिए करती हैं। अपने किरदार को लेकर बात करते हुए अक्षिता मुदगल कहती हैं, ‘‘राधिका एक ऐसी लड़की है,
जो अपनी ज़िंदगी अपने माता-पिता और अपने परिवार के लिए जीती है। उसे अपने भाई-बहनों से बहुत लगाव है और उसके लिए परिवार ही उसकी पूरी दुनिया है। उसके सपने भी अपने माता-पिता की खुशियों से जुड़े हुए हैं।
अगर वे चाहते हैं कि वो शादी करे और खुश रहे, तो वो उनके लिए यह करने को तैयार है। यही उसकी असली मजबूती है। वो असल ज़िंदगी में मुझसे काफी अलग है,
लेकिन उसके किरदार की दुनिया में उतरना मुझे सच में अच्छा लग रहा है।’’ मानसी जोशी रॉय, राजेंद्र चावला और गश्मीर महाजनी के साथ अक्षिता मुदगल की मौजूदगी ‘लक्ष्मी निवास’ को रिश्तों, त्याग और साझा सपनों से सजी एक गर्मजोशी भरी कहानी बनाती है,
जो मिडिल क्लास भारत की सच्ची तस्वीर पेश करती है। यहां बता दें कि ज़ी टीवी पर ‘लक्ष्मी निवास’ षो का प्रीमियर 12 जनवरी को होगा।










