अंडर-19 एशिया कप 2026 में भारतीय युवा क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने अफगानिस्तान को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी।
इस जीत के साथ ही अब खिताबी मुकाबले में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और 29 रन पर पहला विकेट गिर गया। इसके बाद नोमान सालारजई और शाह फैजल रहीमी ने जिम्मेदारी संभालते हुए 51-51 रन बनाए। कप्तान सोहेल खान ने भी 36 रन की नाबाद पारी खेली।
अफगानिस्तान ने निर्धारित 50 ओवर में आठ विकेट खोकर 227 रन बनाए। भारत की तरफ से ईशान सूद ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए, जबकि आर्यन को दो सफलताएं मिलीं।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक शुरुआत की। लक्ष्य राजेश और आर्यवीर सहवाग के बीच पहले विकेट के लिए शानदार शतकीय साझेदारी हुई।

लक्ष्य ने 93 रन बनाकर टीम की जीत की मजबूत नींव रखी। उनकी पारी में 14 चौके और एक छक्का शामिल रहा। आर्यवीर ने 51 और वीके विनीत ने नाबाद 57 रन का योगदान दिया।
भारत ने दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अब 14 नवंबर को फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। पाकिस्तान ने पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को हराकर फाइनल में प्रवेश किया है।








