लखनऊ || Constitution Day के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयोजित कार्यक्रम में विपक्षी दलों पर संविधान को कमजोर करने और जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष की नहीं, बल्कि देश के नागरिकों में निहित है।
संविधान की प्रस्तावना में लिखे ‘हम भारत के लोग’ का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे देश के 145 करोड़ नागरिकों का गौरव और मार्गदर्शक बताया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संविधान लागू होने के साथ ही भारत ने प्रत्येक वयस्क नागरिक को बिना किसी भेदभाव के मतदान का अधिकार दिया।
उन्होंने विपक्ष द्वारा ‘लाल किताब’ को लेकर किए जा रहे राजनीतिक प्रचार पर भी सवाल उठाए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने डॉ. भीमराव आंबेडकर और अन्य समाज सुधारकों की प्रतिमाओं वाले 3,955 स्थलों पर विकास एवं सुंदरीकरण कार्यों का शुभारंभ किया। सरकार ने ऐसे 4,030 स्थलों को चिन्हित किया है।
इन स्थानों पर जरूरत के अनुसार छतरी, चारदीवारी, सीसीटीवी, सुरक्षा व्यवस्था और उद्यान विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर डॉ. आंबेडकर के सम्मान की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में अपराधियों और माफिया को संरक्षण मिलता था, जबकि वर्तमान सरकार ने कानून का राज स्थापित किया है।
उन्होंने भर्ती में अनियमितताओं, परीक्षा में गड़बड़ी और सरकारी योजनाओं से गरीबों को वंचित रखने को लेकर भी पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधा।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित अन्य मंत्रियों ने भी विपक्ष पर संविधान और डॉ. आंबेडकर के नाम का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।









