उत्तर प्रदेश : UP Elections को लेकर समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को लखनऊ में अपना चुनावी घोषणापत्र जारी किया।
संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित जनसभा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ और ‘पीडीए का प्रणपत्र’ नाम से घोषणापत्र पेश किया।
इसमें युवाओं, महिलाओं, किसानों और कर्मचारियों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। घोषणापत्र में समाजवादी पार्टी ने 25 लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का वादा किया है।
इसके अलावा बेरोजगार युवाओं को हर महीने पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की बात भी कही गई है। पार्टी ने इन घोषणाओं के जरिए रोजगार और आर्थिक अवसरों के मुद्दे को चुनावी एजेंडे में प्रमुखता देने का संकेत दिया है।
कार्यक्रम के दौरान सपा सरकार में मंत्री रहे आजम खान ने भी संबोधित किया। उन्होंने अपने पुराने अनुभवों का जिक्र करते हुए कहा कि एक दौर में उन्हें और उनके बेटे को एनकाउंटर की आशंका रहती थी।
आजम खान ने जेल में बिताए समय को बेहद कठिन बताते हुए अपने साथ हुए व्यवहार पर नाराजगी जताई। आजम खान ने कहा कि वह वोट काटने की राजनीति नहीं करते, बल्कि वोट जोड़ने में विश्वास रखते हैं।









