संवाददाता रिजवान अहमद
मसौली बाराबंकी । BARABANKI NEWS थाना क्षेत्र के ग्राम नौबस्ता में एक सप्ताह पूर्व मायके आई 25 वर्षीय नवविवाहिता का शव घर के आंगन में लगे जंगले से साड़ी के फंदे के सहारे लटकता मिला।
परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका डाली पुत्री राजकुमार वर्मा का विवाह गत 6 फरवरी को ग्राम शोभनपुरवा निवासी आकाश पटेल पुत्र शिवविशाल वर्मा के साथ हुआ था।
17 अप्रैल को वह अपने चाचा की पुत्री के विवाह में शामिल होने के लिए मायके आई थी।
शादी के कार्यक्रम के बाद मेहमानों के लौट जाने के बीच शुक्रवार दोपहर उसने कथित रूप से घर के आंगन में जंगले से साड़ी के सहारे फंदा लगा लिया।
दोपहर करीब 1 बजे मृतका का भाई आयुष पटेल घर पहुंचा तो बहन को फंदे से लटकता देख उसने फंदा काटकर तत्काल सीएचसी बड़ागांव पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी से सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
नायब तहसीलदार अंकिता पांडेय की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।










