मुंबई : Bhadohi में शुरू हुई भोजपुरी फिल्म ‘गंगा जमुना सरस्वती’ की शूटिंग . भोजपुरी सिनेमा के दर्शकों के लिए एक नई फिल्म का आगाज हो गया है। सुर म्यूजिक वर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बनने वाली बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘गंगा जमुना सरस्वती’ की शूटिंग उत्तर प्रदेश के भदोही में शुरू हो चुकी है।
फिल्म की शुरुआत के साथ ही पूरी टीम में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। निर्माता सुरिंदर यादव ने बताया कि यह फिल्म पारिवारिक रिश्तों, सामाजिक मूल्यों और भावनात्मक पहलुओं को केंद्र में रखकर तैयार की जा रही है।
कहानी को मनोरंजन के रंगों के साथ दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। फिल्म का निर्देशन विजय यादव कर रहे हैं, जबकि सह-निर्माता महेंद्र यादव हैं।
फिल्म की कहानी और पटकथा वीरू ठाकुर ने लिखी है। संगीत, गीत, सिनेमैटोग्राफी और अन्य तकनीकी विभागों में अनुभवी टीम जुड़ी हुई है।
फिल्म में मणि भट्टाचार्य, अपर्णा मल्लिक, महिमा सिंह, प्रेम सिंह, कृष्ण कुमार सहित कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। बाल कलाकार भी कहानी का अहम हिस्सा होंगे।

निर्देशक विजय यादव के अनुसार, फिल्म में रिश्तों की गहराई, सामाजिक संदेश और मनोरंजन का संतुलित मेल देखने को मिलेगा। भदोही और आसपास के क्षेत्रों में जारी शूटिंग को तय समय में पूरा करने की तैयारी है। निर्माण टीम को उम्मीद है कि ‘गंगा जमुना सरस्वती’ भोजपुरी दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाएगी।









