कन्नौज : breaking news कन्नौज के हर्षवर्धन नगर मोहल्ले में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। राइफल की सफाई की तैयारी करते समय अचानक चली गोली से पूर्व सैनिक और डीआरडीओ कर्मी प्रदीप कुमार दीक्षित गंभीर रूप से घायल हो गए।
गोली चलने की तेज आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिवार में चीख-पुकार शुरू हो गई।
परिजनों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन समय पर मदद नहीं पहुंच सकी। इसके बाद पड़ोसियों की सहायता से घायल प्रदीप को निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत चिंताजनक देखते हुए उन्हें कानपुर रेफर कर दिया। बताया गया कि प्रदीप कुमार दीक्षित वर्ष 2020 में भारतीय सेना से रिटायर हुए थे और वर्तमान में डीआरडीओ के लुधियाना केंद्र में तैनात हैं।
वह कुछ दिन पहले अवकाश पर अपने घर आए थे। शनिवार को वह अपनी बेटी को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के सिलसिले में लखनऊ छोड़कर लौटे थे।

घर पहुंचने के बाद वह राइफल की सफाई करने लगे, तभी अचानक फायर हो गया। घटना के समय पत्नी और छोटी बेटी घर में मौजूद थीं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।









