महमूद आलम
बाराबंकी : Prime Minister की अपील को जनजागरूकता अभियान का रूप देते हुए बाराबंकी के जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह सोमवार को अपने आवास से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक पैदल पहुंचे।
उनके साथ अपर जिलाधिकारी (वि/रा) निरंकार सिंह भी पैदल चलते हुए कार्यालय पहुंचे। इस पहल का उद्देश्य लोगों को पेट्रोलियम पदार्थों की बचत, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना रहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा देशवासियों से दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव अपनाने का आह्वान किया गया है।
उसी क्रम में जिले में भी लोगों को पैदल चलने और अनावश्यक वाहनों के उपयोग से बचने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि लोग छोटी दूरी तय करने के लिए पैदल चलने की आदत विकसित करें तो इससे ईंधन की बचत के साथ प्रदूषण भी कम होगा।
उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण के लिए अपनी जिम्मेदारी समझें और ऊर्जा बचत को जनआंदोलन बनाने में सहयोग करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनसहभागिता से ही ऐसे प्रयास सफल होकर समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।









