लखनऊ : National Silk Expo में दिखी सिल्क और हैंडलूम की शानदार विरासत . राजधानी के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित नेशनल सिल्क एक्सपो खरीदारी प्रेमियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है।
रक्षाबंधन और आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस प्रदर्शनी में पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर पारंपरिक सिल्क साड़ियों, हैंडलूम परिधानों और एथनिक उत्पादों की खरीदारी की।
एक्सपो 1 से 6 अगस्त तक चलेगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए 150 से अधिक बुनकर और हस्तशिल्प कारीगर अपने विशेष उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं।

यहां बनारसी, कांजीवरम, भागलपुरी, पैठणी, महेश्वरी, चंदेरी, तसर, मूंगा, क्रेप और जॉर्जेट जैसी प्रसिद्ध सिल्क साड़ियों के साथ सूट, ड्रेस मटेरियल, फैशन ज्वेलरी, बैग और अन्य पारंपरिक हस्तकरघा उत्पाद उपलब्ध हैं।
त्योहारी सीजन को देखते हुए कई स्टॉलों पर विशेष डिजाइनों के साथ आकर्षक छूट भी दी जा रही है, जिससे खरीदारों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों का कहना है
कि प्रदर्शनी का उद्देश्य भारतीय बुनकरों और हस्तशिल्प कारीगरों को सीधे ग्राहकों से जोड़कर उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना है।
एक्सपो में आने वाले लोगों को एक ही स्थान पर देशभर की पारंपरिक बुनाई और हस्तकला का अनूठा संग्रह देखने और खरीदने का अवसर मिल रहा है।

प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक खुली रहेगी। प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है तथा खरीदारी के लिए सभी प्रमुख डिजिटल भुगतान सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।









