द स्वार्ड ऑफ इण्डिया
संवाददाता इरफान अहमद
बाराबंकी । BARABANKI NEWS जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव समय पर न होने की आशंका के बीच ग्राम प्रधानों ने अपने अधिकारों और पंचायतों की निरंतरता को लेकर बड़ा मोर्चा खोल दिया है।
सोमवार को विकासखंड सिद्धौर में अखिल भारतीय ग्राम प्रधान संगठन के बैनर तले सैकड़ों प्रधान एकजुट हुए और सरकार से मांग की कि यदि पंचायत चुनाव समय पर नहीं कराए जाते हैं
तो ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए या फिर उन्हें ही ग्राम पंचायतों का प्रशासक नियुक्त किया जाए।
ब्लॉक अध्यक्ष सतनाम सिंह वर्मा ‘गुड्डू’ के नेतृत्व में प्रधानों का प्रतिनिधिमंडल सबसे पहले खाद्य रसद एवं नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा के आवास पहुंचा।
वहां उन्होंने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि ग्राम पंचायतों का संचालन गांव की परिस्थितियों और जरूरतों को समझने वाले निर्वाचित प्रतिनिधियों के हाथ में ही रहना चाहिए।
इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों ने हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत से मुलाकात कर उन्हें भी मांग पत्र सौंपा।
प्रधानों ने साफ कहा कि यदि अधिकारियों को प्रशासक बनाया गया तो गांवों में विकास कार्यों की रफ्तार थम जाएगी और योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी असर पड़ेगा।
ब्लॉक अध्यक्ष सतनाम सिंह वर्मा ने कहा कि मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में सरपंचों को ही प्रशासक नियुक्त किया गया था, इसलिए उत्तर प्रदेश में भी यही व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि गांवों की समस्याओं और जरूरतों से परिचित प्रधान ही पंचायत व्यवस्था को बेहतर ढंग से चला सकते हैं।
ब्लॉक प्रधान संघ के उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि ग्राम प्रधानों का कार्यकाल आगामी 26 मई को समाप्त हो रहा है।
ऐसे में यदि चुनाव समय पर नहीं कराए जाते हैं तो सरकार को तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानों की पहली मांग समय से चुनाव कराने की है, लेकिन यदि इसमें देरी होती है तो कार्यकाल विस्तार ही उचित समाधान होगा।
ज्ञापन कार्यक्रम के बाद बड़ी संख्या में प्रधान सिद्धौर ब्लॉक कार्यालय स्थित चंद्रमौलि सभागार में जुटे, जहां आगामी रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में लखनऊ में होने वाले महासम्मेलन और आंदोलन की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श हुआ।
वक्ताओं ने प्रधानों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि यह पंचायतों के अधिकार और गांवों के विकास की लड़ाई है।

इस दौरान प्रधान अनूप सिंह, कौशलेंद्र सिंह, आशुतोष तिवारी, सुरेंद्र सिंह, अमित वर्मा, संतोष चौरसिया, पंकज सिंह, अनिल जायसवाल, मीनू वर्मा, गुरप्रसाद रावत, शोभाराम यादव समेत बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान और प्रतिनिधि मौजूद रहे।








