गोण्डा : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत रायल पैराडाइज मैरिज हाल में आयोजित कार्यक्रम में 293 जोड़ों का विवाह पूरे विधि-विधान और परंपराओं के साथ सम्पन्न हुआ।
समारोह में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में कुल 355 जोड़ों का पंजीकरण हुआ था, जिनमें से 293 जोड़ों ने विवाह की रस्में पूरी कीं।
इनमें 280 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से तथा 13 जोड़ों का निकाह इस्लामिक परंपरा के अनुसार कराया गया। इस अवसर पर विधायक मनकापुर रमापति शास्त्री, विधायक गौरा प्रभात वर्मा, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करना है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र जोड़े को 64 हजार रुपये की सहायता राशि कन्या के खाते में भेजी जाती है।

इसके अलावा गृहस्थी से जुड़ी आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है, जिसमें स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कड़ाही, साड़ी सेट, वर के लिए कपड़े, दीवार घड़ी और सौंदर्य सामग्री शामिल हैं।









