कन्नौज : Saurikh थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए नौ शातिर आरोपियों को Arrested किया है।
पुलिस ने इनके कब्जे से 10 चोरी की मोटरसाइकिलें, चार मोटरसाइकिल इंजन, बड़ी मात्रा में कटे हुए बाइक पार्ट्स, पांच अवैध तमंचे, छह जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और पांच एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए हैं।
कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी श्याम पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। सोमवार को हरिभानपुर स्टेडियम के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच संदिग्धों को पकड़ा गया।
पूछताछ में उन्होंने जंगल में चोरी की मोटरसाइकिलें काट रहे साथियों की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
मौके से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें, चार इंजन, कटे हुए पार्ट्स, चार तमंचे, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए।पूछताछ में मुख्य आरोपी श्याम ने चार जुलाई को त्रिपाठी बुक डिपो से मोबाइल चोरी की घटना भी स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार मोबाइल बरामद कराने ले जाते समय उसने पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया और झाड़ियों में छिपाकर रखे तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया। उसके कब्जे से एक और तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए गए। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गिरफ्तार आरोपी औरैया, इटावा तथा हरदोई के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक गिरोह चोरी की मोटरसाइकिलों को काटकर उनके पार्ट्स बेचता था।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं शस्त्र अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों का पता लगाया जा रहा है।









