Doctors’ Day समारोह में आयुर्वेद चिकित्सा और नैतिकता पर विशेष चर्चा

कानपुर । Doctors’ Day के अवसर पर महाराणा प्रताप आयुर्वैदिक मेडिकल कॉलेज, ईश्वरीगंज, बैकुंठपुर में कार्यशाला एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम मुल्तानी वेलनेस फार्मास्यूटिकल्स के सहयोग से आयोजित हुआ, जिसमें चिकित्सकीय सेवा, नैतिक मूल्यों और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। संस्थान के निदेशक प्रो. आलोक कुमार मिश्र ने कहा कि चिकित्सा केवल पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है।

उन्होंने चिकित्सकों से ईमानदारी, करुणा और समर्पण के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया। प्राचार्य डॉ. पटेल ने आयुर्वेदाचार्य चरक के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि एक आदर्श चिकित्सक रोगी के शारीरिक उपचार के साथ उसके मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य का भी ध्यान रखता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को आयुर्वेद की मूल भावना ‘सर्वे सन्तु निरामयाः’ को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. मनीष कुमार ने आयुर्वेदिक उत्पादों की चिकित्सीय उपयोगिता पर व्याख्यान दिया, जबकि मुल्तानी वेलनेस फार्मास्यूटिकल्स के प्रतिनिधियों ने विभिन्न उत्पादों की गुणवत्ता और उपयोगिता की जानकारी साझा की।

इस अवसर पर आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ संस्थान के चेयरमैन गौरव भदौरिया ने किया। बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. राहुल ने किया। अंत में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए समाज के प्रति चिकित्सकों की जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प दोहराया गया।

plugins
Author: plugins

Leave a Comment