कन्नौज : Tree Plantation महाअभियान को जनआंदोलन बनाएं . आगामी वृक्षारोपण महाअभियान को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में वृक्षारोपण समिति की बैठक हुई।
डीएम ने अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानकर जनआंदोलन का स्वरूप देने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद में 100 प्रमुख स्थलों का चयन कर प्रत्येक स्थल के लिए नोडल अधिकारी नामित किए जाएं, ताकि पौधरोपण और उसके संरक्षण की प्रभावी निगरानी हो सके।
डीएम ने कहा कि अभियान में आमजन, स्वयंसेवी संगठनों, विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
वृक्षारोपण से जुड़ी गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि लोग स्वेच्छा से इस अभियान का हिस्सा बनें। उन्होंने बताया कि वन विभाग नोडल विभाग रहेगा और सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाएंगे।
उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपनी-अपनी तहसीलों में ऐसे स्थलों का चयन करें, जहां एक साथ अधिक संख्या में पौधरोपण किया जा सके और पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित हो।
बैठक में बताया गया कि 15 अगस्त को ‘वंदे मातरम् वाटिका’, 28 अगस्त को ‘भाई-बहन वृक्षारोपण’ तथा 5 सितंबर को ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके अलावा महर्षि चरक औषधि वन, समरस वन, समृद्धि वन, कपि वन, ऊर्जा वन और पौराणिक वन सहित विभिन्न स्थलों पर विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा।
लोहिया पार्क में आम भंडारे का भी आयोजन प्रस्तावित है। बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विजय कुमार मिश्र, प्रभागीय वनाधिकारी हेमंत सेठ, उपजिलाधिकारी सदर, तिर्वा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









