कुशीनगर : Vishwakarma Jayanti और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर नगर पालिका परिषद पडरौना में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
नगर पालिकाध्यक्ष विनय जायसवाल के नेतृत्व में हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान पूजन-अर्चना, स्वच्छता अभियान, महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई, माल्यार्पण, दीपदान और दीपोत्सव जैसे कार्यक्रम हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत सुभाष चौक स्थित भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा के पूजन और माल्यार्पण से हुई। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा संकल्प लिया गया।
जूनियर हाईस्कूल परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में नगर पालिकाध्यक्ष ने भी हिस्सा लिया और लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित पडरौना के लिए नागरिकों की भागीदारी आवश्यक है। अभियान के तहत तिलक चौक से गांधी चौक तक महापुरुषों की प्रतिमाओं और स्मारकों की साफ-सफाई कराई गई।
इसके बाद माल्यार्पण और दीपदान किया गया। नगरपालिका कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर केक काटकर शुभकामनाएं दी गईं।

शाम को बुढ़िया माता मंदिर परिसर में दीपोत्सव आयोजित किया गया, जिसमें परिसर दीपों से रोशन हुआ। पालिकाध्यक्ष ने भगवान विश्वकर्मा को श्रम, कौशल और निर्माण का प्रतीक बताते हुए श्रमिकों और हुनरमंद लोगों के सम्मान की बात कही।
उन्होंने कहा कि सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी के जरिए नगर के विकास को आगे बढ़ाने का प्रयास जारी रहेगा। कार्यक्रम में अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष ‘बुलबुल’ जायसवाल, नगरपालिका कर्मचारी, सफाई नायक, सफाईमित्र और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।








