Crime news भंडारे में डांस कर रहे युवकों ने रास्ता मांगने पर बिजलीकर्मी को घेरा, पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

बाराबंकी । Crime news “ जिले के माती थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सड़क पर भंडारे के बाद चल रहे डीजे कार्यक्रम के बीच रास्ता मांगना एक दलित युवक को इतना भारी पड़ गया कि उसकी जान चली गई।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मृतक की पहचान दुर्गेश रावत के रूप में हुई है, जो बिजली विभाग से जुड़े कार्यों में मजदूरी करता था। परिजनों के मुताबिक, देर रात हाईटेंशन लाइन में आई खराबी को ठीक कराने के लिए वह मजदूरों को बुलाने अपनी मौसी के गांव मीरपुर जा रहा था।

रास्ते में आजाद नगर के पास भंडारे के बाद डीजे पर नाच-गाना चल रहा था और सड़क पर लोगों की भीड़ जमा थी।

आरोप है कि दुर्गेश ने वहां मौजूद लोगों से केवल रास्ता देने की बात कही। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों ने उसे घेरकर जमकर पीटना शुरू कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने दुर्गेश पर तब तक हमला किया, जब तक वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर नहीं पड़ा।

घायल अवस्था में उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवा ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। रात करीब दो बजे मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और हंगामा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

माती थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिल चुकी है। अभी तक परिजनों की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

plugins
Author: plugins

Leave a Comment