लखनऊ : उत्तर प्रदेश के सूचना निदेशक एवं आईएएस अधिकारी विशाल सिंह का जन्मदिन मंगलवार को सूचना निदेशालय में उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर पत्रकारों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
राज्य मुख्यालय मान्यताप्राप्त पत्रकार एसोसिएशन की ओर से आयोजित समारोह में विशाल सिंह को 33 किलो की विशाल माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद केक काटा गया और उपस्थित लोगों के बीच मिठाइयां बांटी गईं।
विशाल सिंह ने सभी के स्नेह और शुभकामनाओं के लिए आभार जताया। एसोसिएशन के अध्यक्ष कतील शेख ने कहा कि विशाल सिंह की कार्यशैली में संवाद, संवेदनशीलता और प्रशासनिक दक्षता का बेहतर मेल दिखाई देता है।
उन्होंने उनके नेतृत्व को विभाग और मीडिया के बीच बेहतर तालमेल के लिए महत्वपूर्ण बताया। एसोसिएशन के संरक्षक अब्दुल वहीद ने भी विशाल सिंह के कार्य करने के तरीके और मानवीय दृष्टिकोण की प्रशंसा की।

उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में सूचना विभाग प्रभावी संवाद और पारदर्शिता को आगे बढ़ाएगा। इस मौके पर विशाल सिंह ने कहा कि पत्रकार और सूचना विभाग एक-दूसरे के पूरक हैं।
सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों की तथ्यपरक जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए दोनों के बीच सहयोग जरूरी है। समारोह में विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और कई वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।









