मुंबई : भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के 70वें महापरिनिर्वाण दिवस को लेकर मुंबई में तैयारियां तेज हो गई हैं।
आगामी 6 दिसंबर 2026 को चैत्यभूमि पर देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मुंबई पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की।
इस सिलसिले में सोमवार, 16 नवंबर को दादर पश्चिम स्थित महाराष्ट्र स्काउट गाइड हॉल में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) मनोज कुमार शर्मा ने की।
बैठक में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अग्निशमन विभाग के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त विक्रम देशमाने, पुलिस उपायुक्त महेंद्र पंडित, दत्तात्रय कांबले और दीपाली धाटे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
माहिम और दादर विभाग के सहायक पुलिस आयुक्तों तथा संबंधित थानों के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षकों ने भी सहभागिता की। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता संजय रमेश भालेराव ने आंबेडकरी अनुयायियों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण सुझाव रखे।

उन्होंने बीकेसी और चुनाभट्टी में वैकल्पिक रिक्शा स्टैंड निर्धारित करने तथा वहां से चैत्यभूमि तक विशेष बेस्ट बस सेवा शुरू करने की मांग की, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। बैठक में रिपब्लिकन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंदराज आंबेडकर की प्रमुख उपस्थिति रही।









