CM Yogi बोले- यूपी में एक्सप्रेस-वे, मेट्रो और हवाई कनेक्टिविटी का तेजी से हुआ विस्तार

लखनऊ । CM Yogi Adityanath ने उत्तर प्रदेश में परिवहन और बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश की कनेक्टिविटी में व्यापक बदलाव आया है।

सरकार के प्रयासों से एक्सप्रेस-वे, मेट्रो और हवाई सेवाओं का विस्तार हुआ है, जिससे प्रदेश में विकास की नई संभावनाएं बढ़ी हैं।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने विचार साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में करीब डेढ़ एक्सप्रेस-वे थे, जबकि अब 10 एक्सप्रेस-वे संचालित हो रहे हैं।

इसी तरह, पहले मेट्रो सेवा उपलब्ध नहीं थी, लेकिन वर्तमान में सात शहरों में मेट्रो लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा दे रही है।

सीएम योगी के अनुसार, प्रदेश में 12 घरेलू और पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के माध्यम से हवाई संपर्क को भी मजबूती मिली है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने, कारोबारियों को व्यापार बढ़ाने और युवाओं को शिक्षा व रोजगार के अवसरों तक पहुंचने में मदद मिल रही है।

इसके साथ ही पर्यटन और स्थानीय कारोबार को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आधुनिक परिवहन सुविधाओं का विस्तार उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ आम नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

plugins
Author: plugins

Leave a Comment