ठाणे : दो करोड़ रुपये के गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार” ठाणे शहर पुलिस की अपराध शाखा ने ओडिशा और आंध्रप्रदेश से महाराष्ट्र में गांजा तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करके करीब 2 करोड़ का माल बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आंध्रप्रदेश निवासी चिन्ना टागुर लक्ष्मण नायक (36) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 638 किलो गांजा और एक चारपहिया कार जब्त की है।
जब्त माल की कुल कीमत करीब 2 करोड़ 14 लाख 16 हजार रुपये बताई जा रही है। इस मामले में आरोपी को 3 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
यह जानकारी ठाणे अपराध शाखा के उपायुक्त अमर सिंह जाधव ने एक पत्रकार परिषद में दी। पुलिस के अनुसार, अपराध शाखा के पुलिस हवलदार जयकर जाधव को खारेगांव टोल नाका से कळवा की ओर एक कार में गांजा लाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी।
इसके आधार पर 30 दिसंबर की शाम पुलिस ने जाल बिछाया और संदिग्ध कार को रोका। जांच के दौरान कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद चिन्ना नायक को हिरासत में लिया गया।
इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 2 करोड़ 4 लाख 16 हजार रुपये मूल्य का 638 किलो गांजा और 10 लाख रुपये की कार जब्त की।
मामले में कळवा पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी यह गांजा किसे सप्लाई करने वाला था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
यह कार्रवाई ठाणे मालमत्ता अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गोरखनाथ घार्गे के मार्गदर्शन में की गई।

कार्रवाई में पुलिस उपनिरीक्षक संजय भिसे, शीतल पाटील, सहायक पुलिस उपनिरीक्षक शिवाजी गायकवाड़, हवलदार दिनेश कुंभारे, प्रशांत भुर्के, संदीप भांगरे, महेश साबळे, जयकर जाधव, राहुल शिरसाठ, पुलिस नाइक सचिन कोळी, तौसीफ सैयद, पुलिसकर्मी महेश सावंत, सदन मुळे, तथा आशा गोळे और गित्ताली पाटील शामिल थे।









